असम में रिकॉर्ड 84.42% मतदान, पुडुचेरी सबसे आगे, केरल में भी अच्छी वोटिंग

चुनाव आयोग

तीनों राज्यों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, 4 मई को आएंगे नतीजे

Assam Keralam Puducherry Vidhan Sabha Chunav Voting. मीडियावाणी डेस्क। असम, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए हैं। तीनों राज्यों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। अब सभी की नजरें 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।

असम में गुरुवार को हुए मतदान में रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। शाम 5 बजे तक राज्य में करीब 84.42 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो 2021 के 82.04 प्रतिशत से अधिक है। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान 35 जिलों में शाम तक चला। असम की 126 विधानसभा सीटों पर कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रहा है, जबकि कांग्रेस एक दशक बाद वापसी के लिए प्रयासरत है। दलगांव में सबसे अधिक 94.57 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि अमरी में सबसे कम 70.40 प्रतिशत वोट पड़े। राज्यभर में 31,490 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया।

वहीं अन्य राज्यों की बात करें तो पुडुचेरी में सबसे ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। शाम 5 बजे तक यहां करीब 86.92 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो तीनों राज्यों में सबसे अधिक है। केरलम में भी मतदाताओं ने उत्साह दिखाया और शाम 5 बजे तक 75.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

चुनाव आयोग के अनुसार ये आंकड़े प्रारंभिक हैं और अंतिम आंकड़ों में थोड़ा बदलाव संभव है। कुल मिलाकर तीनों राज्यों में अच्छी मतदान प्रतिशत यह संकेत देता है कि जनता लोकतंत्र के प्रति जागरूक है और चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले रही है।

अब 4 मई को होने वाली मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि इन राज्यों में किस पार्टी की सरकार बनेगी। एग्जिट पोल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, लेकिन असली तस्वीर नतीजों के दिन ही सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *