रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव तक पहुंच रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। “रायपुर में बैठकर ग्रामीणों की समस्याओं को पूरी तरह समझा नहीं जा सकता, इसलिए पूरी सरकार गांवों में जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रही है,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक कई स्थानों पर समाधान शिविर आयोजित हो चुके हैं और आगामी दिनों में यह सिलसिला जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। किसानों को धान खरीदी के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल दर और दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 17,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। इस योजना से महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसायों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने “लखपति दीदी” अभियान का भी विवरण देते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के जरिए आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और आगे करोड़पति दीदी बनने की दिशा में बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड, बैंकिंग और अन्य सेवाएं सीधे गांव में उपलब्ध हो रही हैं। अब रजिस्ट्री के साथ तत्काल नामांतरण की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है, जिससे नागरिक अपनी समस्याएं ऑनलाइन और टोल-फ्री नंबर के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया और नियुक्ति पत्र प्राप्त युवाओं व स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त श्री रजत बंसल, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

