रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका महान बलिदान सत्य, सेवा और मानवता की रक्षा का अमर संदेश देता है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा परिसर में छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा आयोजित विशाल छबील सेवा एवं छायाचित्र प्रदर्शनी में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राहगीरों को शरबत और प्रसादी वितरित कर सेवा परंपरा में सहभागिता निभाई तथा समाज को परोपकार, संवेदना और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सिक्ख समाज ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित श्री गुरु अर्जुन देव जी के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में उनके जन्म से लेकर शहादत तक के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया था। इसमें गुरु गद्दी की प्राप्ति, हरमंदिर साहिब के निर्माण, आदि ग्रंथ साहिब के संकलन, मुगल शासक जहांगीर से वैचारिक संघर्ष तथा शहादत तक की गौरवपूर्ण यात्रा को दर्शाया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी त्याग, तपस्या, सत्य, सेवा और मानवता की महान प्रतिमूर्ति थे। उनका जीवन प्रेम, समानता, करुणा और मानव कल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने अन्याय और अत्याचार के सामने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। कठोर यातनाओं के बावजूद उनका धैर्य, साहस और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि शहीदी दिवस पर आयोजित छबील सेवा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और भाईचारे की जीवंत अभिव्यक्ति है। भीषण गर्मी में राहगीरों को ठंडा और मीठा शरबत पिलाना निस्वार्थ मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। सिक्ख परंपरा में छबील सेवा सदैव मानवता, सह-अस्तित्व और परोपकार की भावना को मजबूत करती रही है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी को गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, संघर्ष, आध्यात्मिक चेतना और महान बलिदान से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि इतिहास तभी जीवंत रहता है, जब नई पीढ़ी अपने महापुरुषों के विचारों, मूल्यों और त्याग से जुड़ी रहती है।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से गुरु अर्जुन देव जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सत्य, सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज को साधुवाद भी दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

