सक्ती में माँ चन्द्रहासिनी आरोग्य धाम का भूमिपूजन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी बोले- जनसेवा का बनेगा नया केंद्र

op chaudhary

सक्ती। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गुरुवार को सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित चन्द्रहासिनी विद्यापीठ परिसर में प्रस्तावित माँ चन्द्रहासिनी आरोग्य धाम का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह बहुउद्देशीय चिकित्सालय क्षेत्र के लोगों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं माँ चन्द्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा संचालित सीबीएसई विद्यालय पहले से ही क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रहा है और अब आरोग्य धाम की स्थापना से समाजसेवा का दायरा और व्यापक होगा।

विकास कार्यों में सरकार देगी हरसंभव सहयोग

वित्त मंत्री ने ट्रस्ट के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल और सभी न्यासियों को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल, विद्यालय और ट्रस्ट से जुड़े विकास कार्यों में यदि शासन या प्रशासन स्तर पर कोई औपचारिक बाधा आती है तो राज्य सरकार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेगी। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।

आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा अस्पताल

श्री चौधरी ने कहा कि अस्पताल के संचालन शुरू होते ही इसे आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी। इससे आसपास के ग्रामीण आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क और बेहतर उपचार का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने अस्पताल के विकास और आवश्यक संसाधनों के लिए भी शासन स्तर पर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

चन्द्रहासिनी महोत्सव को मिलेगी नई पहचान

वित्त मंत्री ने कहा कि चंद्रपुर स्थित माँ चन्द्रहासिनी शक्तिपीठ पूरे छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने चन्द्रहासिनी महोत्सव को व्यापक पहचान दिलाने के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य सरकार की यूपीएससी कोचिंग सहायता योजना की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।

शिक्षा और स्वास्थ्य में स्थायी बदलाव का संकल्प

अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने कहा कि समाज और शासन के साझा प्रयासों से शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि माँ चन्द्रहासिनी आरोग्य धाम आने वाले वर्षों में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, सेवा भावना और जनकल्याण का आदर्श केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में चन्द्रहासिनी मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक रामकुमार यादव, ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, श्रीमती संयोगिता सिंह जूदेव, जनप्रतिनिधि, ट्रस्ट पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *