पुलिस स्मृति दिवस: शहीद जवानों के बलिदान से छत्तीसगढ़ में शांति और सुरक्षा का नया अध्याय – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता जवानों के शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम, शहीद परिवारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता हमारे वीर पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। दशकों तक नक्सल हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में अब शांति, सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। अमर शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव प्रदेशवासियों को राष्ट्रसेवा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय बुधवार को रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शहीद जवानों के परिजनों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद करने का अवसर है। जवान कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश और समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनके पीछे उनके परिवारों का त्याग, धैर्य और साहस भी जुड़ा होता है। इसलिए शहीद परिवारों का सम्मान और कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने शहीद परिवारों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। प्रदेश अपने अमर शहीदों और उनके परिवारों के योगदान को कभी नहीं भूलेगा।

नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष में जवानों ने रचा शौर्य का इतिहास

श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नक्सलवाद के विरुद्ध साहसपूर्वक संघर्ष किया है। उनके शौर्य और बलिदान से प्रदेश में शांति स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।

बस्तर में भय की जगह विकास की रोशनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और भय का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ और वंचित जनजातीय क्षेत्रों तक विकास योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता के बाद अब शांति को स्थायी बनाना और विकास की गति तेज करना सरकार की प्राथमिकता है। पुलिस बलों को आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ जवानों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

एक वर्ष में नक्सल विरोधी अभियानों में 84 नक्सली मारे गए

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और जनसेवा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बल शांति स्थापित करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में 84 नक्सली मारे गए। इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।

डीजीपी ने कहा कि शहीद परिवार छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके त्याग, धैर्य और संघर्ष का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से कानून के शासन, जनसुरक्षा और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता मजबूत करने का आह्वान किया।

शहीद वाटिका में भी अर्पित किए श्रद्धासुमन

पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचकर अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद जवानों के नामों की पट्टिका पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *