CG में जेल की दीवार फांदकर फरार हुए 4 बंदी, तलाश में जुटी पुलिस ने जारी की आम लोगों से अपील

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सोमवार तड़के चार विचाराधीन बंदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बंदियों ने जेल की दीवार पर लगे बिजली के कनेक्शन को काट दिया और कंबलों को आपस में जोड़कर रस्सी बनाई। इसके सहारे चारों बंदी जेल की दीवार पार कर फरार हो गए। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पांचवें बंदी ने भी की थी भागने की कोशिश

एएसपी महासमुंद सुशील नायक के मुताबिक, बंदियों ने कंबलों को जोड़कर दीवार पार करने का इंतजाम किया था। इस दौरान पांचवें बंदी ने भी भागने की कोशिश की, लेकिन वह दीवार से नीचे गिर गया। वहीं, चार बंदी जेल से बाहर निकलने में सफल रहे।

तीन गांजा तस्करी और एक चोरी के मामले में बंद

फरार हुए चार बंदियों में दो मध्यप्रदेश के जबलपुर, एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का निवासी बताया जा रहा है। इनमें से तीन बंदी गांजा तस्करी और एक चोरी के मामले में विचाराधीन थे।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जेल की दीवार पर लगे बिजली के कनेक्शन को काटने और कंबलों की मदद से चार बंदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच की जा रही है कि बंदियों ने इसकी योजना कब बनाई और निगरानी के बावजूद उन्हें फरार होने का मौका कैसे मिला। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें फरार बंदियों की तलाश में जुटी हैं। सुरक्षा में हुई संभावित चूक की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *