बजट वित्तीय प्रावधान नहीं, राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त रोडमैप है-तोखन साहू

tokhan sahu
  • केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय बजट 2026-27 को बताया विकसित भारत की मजबूत आधारशिला

नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे “विकसित भारत” के निर्माण की दिशा में एक दूरदर्शी, समावेशी और परिवर्तनकारी दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट केवल वित्तीय प्रावधानों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त रोडमैप है।

श्री साहू ने कहा कि ₹53.5 लाख करोड़ के कुल परिव्यय और लगभग ₹27 लाख करोड़ के पूंजीगत व्यय के साथ यह बजट देश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करेगा। राजकोषीय घाटे को 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखते हुए विकास और वित्तीय अनुशासन के बीच संतुलन स्थापित किया गया है, जो सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाता है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह बजट तीन “कर्तव्यों” पर आधारित है—आर्थिक विकास, जनसशक्तिकरण और समावेशी प्रगति। उन्होंने कहा कि ₹10,000 करोड़ की बायोफार्मा मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, तथा टेक्सटाइल और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने वाले प्रावधान भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूत बनाएंगे।

श्री साहू ने अवसंरचना क्षेत्र में ₹12.2 लाख करोड़ के पूंजीगत निवेश को “विकास का इंजन” बताते हुए कहा कि इससे फ्रेट कॉरिडोर, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और शहरी आर्थिक क्षेत्रों का विस्तार होगा, जिससे रोजगार सृजन और निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया गया है। विश्वविद्यालय टाउनशिप, महिला छात्रावास, पर्यटन और खेलो इंडिया मिशन जैसी पहलें युवाओं को नई संभावनाएं प्रदान करेंगी।

छत्तीसगढ़ के संदर्भ में श्री साहू ने कहा कि यह बजट राज्य के लिए नए अवसर लेकर आया है। बायोफार्मा हब, सेमीकंडक्टर मिशन, टेक्सटाइल पार्क, एमएसएमई सहायता, कार्बन क्रेडिट और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी योजनाएं राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देंगी।

उन्होंने बताया कि ₹5,000 करोड़ के अर्बन इकोनॉमिक रीजन, म्युनिसिपल बॉन्ड प्रोत्साहन और शहरी बुनियादी ढांचे के सुधार से छत्तीसगढ़ के शहरों को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही, कर सुधारों से नागरिकों और उद्यमियों को पारदर्शी और सरल व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह बजट युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्यमियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट दीर्घकालिक राष्ट्र निर्माण, समावेशी विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय बजट 2026-27 भारत को वर्ष 2047 तक एक सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *