घने कोहरे से उत्तर भारत बेहाल, दिल्ली एयरपोर्ट पर 129 उड़ानें रद्द, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

MAUSHAM

नई दिल्ली(ब्यूरो की रिपोर्ट)। शनिवार को पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली समेत कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा, जहां शनिवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 129 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि कोहरे और कम दृश्यता के कारण उड़ानों के संचालन में देरी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहें और रियल टाइम फ्लाइट स्टेटस चेक करते रहें।

CAT-3 कैटेगरी में संचालित हो रहा दिल्ली एयरपोर्ट

कोहरे के चलते दिल्ली में सड़क परिवहन भी प्रभावित हुआ है, जबकि कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। हवाई सेवाओं पर पड़े असर को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट को CAT-3 कैटेगरी में संचालित किया जा रहा है। इस कैटेगरी में लैंडिंग और टेक-ऑफ के दौरान विशेष तकनीकी सावधानियां बरती जाती हैं।

फ्लाइट रडार के आंकड़ों के मुताबिक इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर की अधिकांश उड़ानों में देरी देखने को मिली।

DGCA के सख्त निर्देश

शनिवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता घटकर लगभग 200 मीटर तक रह गई। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि पूरे दिन कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

हवाई यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि उड़ानों में देरी, रि-शेड्यूलिंग या डायवर्जन की जानकारी यात्रियों को रियल टाइम में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही एयरपोर्ट पर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *