mediavani.com

समाचार। विचार। आलेख। अध्यात्म।

छत्तीसगढ़ में साहू समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का उप मुख्यमंत्री ने किया सम्मान

  • संघर्ष और मेहनत से कुछ भी असंभव नहीं, एक दिन सफलता जरूर मिलेगी : डिप्टी सीएम अरुण साव
  • साहू समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, आज उन्हें पहचानकर निखारने की जरूरत : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

सक्ती। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज सामुदायिक भवन सक्ती में जिला साहू संघ द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं एवं 12वीं कक्षा के 250 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक जनों को भी सम्मानित किया गया। श्री साव ने कहा कि, मेधावी छात्र, राष्ट्रपति-राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक और समाजसेवी कार्यों से साहू समाज की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने छात्रों में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि मेहनत और संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, कलेक्टर, एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज को गौरवांवित करना है। श्री साव ने यह भी कहा कि साहू समाज में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है उन प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने की। मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के माध्यम से समाज और प्रदेश दोनों को नई दिशा दी जा सकती है।

श्री साव ने कहा कि आज समाज के सामने कई चुनौतियां हैं जिन्हें मिलकर दूर करना होगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सही दिशा, संस्कार और भारतीय परंपराओं का ज्ञान देना समाज की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से युवाओं को बचाने और उनमें विचारशीलता लाने की आवश्यकता है।

सम्मान समारोह में साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री डॉ नीरेंद्र साहू जी, उपाध्यक्ष श्री तिलक राम साहू जी, पूर्व विधायक श्री खिलावन साहू जी, श्रीमती मोहन कुमारी साहू जी, महेश साहू जी, गिरजा साहू जी, तहसील, जिला और केंद्र के पदाधिकारी, प्रतिभाशाली सामाजिक जन उपस्थित रहे।