PM नरेंद्र मोदी का साक्षात्कार: भारत को वैश्विक स्तर पर शीर्ष तीन एआई महाशक्तियों में एक होना चाहिए’

pm modi

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का शुभारंभ राष्ट्रीय राजधानी में हुआ, यह पहली बार है कि वैश्विक दक्षिण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर इतने बड़े पैमाने की वैश्विक बैठक आयोजित की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एएनआई टेक्स्ट सेवा को दिए गये विशेष साक्षात्कार में इस सम्मेलन की मार्गदर्शक भावना को ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के दर्शन के अंतर्गत रेखांकित किया (‘सभी के लिए कल्याण, सभी के लिए खुशियाँ’)।
शिखर सम्मेलन ने राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों, मंत्रियों, विश्व स्तर के तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग जगत के हितधारकों को एक साझा मंच प्रदान किया है, ताकि समावेशी विकास को प्रोत्साहित करने, सार्वजनिक प्रणालियों को मजबूत करने और सतत विकास को सक्षम बनाने में एआई की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने साक्षात्कार में इस नए युग के लिए भारत के विज़न का उल्लेख किया और बताया कि एआई को पूरी तरह से मानव-केंद्रित बने रहकर वैश्विक विकास की गति को तेज करना चाहिए।

साक्षात्कार का प्रतिलेख इस प्रकार है:

एएनआई भारत वैश्विक दक्षिण में पहली बार एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की मेजबानी कर रहा है। शिखर सम्मेलन का आदर्श वाक्य है, “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” (‘सभी के लिए कल्याण, सभी के लिए खुशियाँ’)। इस शिखर सम्मेलन का विज़न क्या है और यह आदर्श वाक्य क्यों है?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: आज, एआई एक सभ्यतागत मोड़ पर खड़ा है। यह मानव क्षमता का अभूतपूर्व तरीकों से विस्तार कर सकता है, लेकिन यदि इसे निर्देशित न किया जाए तो यह मौजूदा सामाजिक आधार-स्तंभों को भी उद्वेलित कर सकता है। यही कारण है कि हमने जानबूझकर इस शिखर सम्मेलन को प्रभाव के इर्द-गिर्द तैयार किया है जो, न केवल नवाचार, बल्कि सार्थक और न्यायसंगत परिणाम सुनिश्चित करता है।
मार्गदर्शक सिद्धांत, “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय”, भारत के सभ्यतात्मक दर्शन को रेखांकित करता है। तकनीक का अंतिम लक्ष्य ‘सभी के लिए कल्याण, सभी की खुशी’ होना चाहिए। तकनीक मानवता की सेवा के लिए है, इसे हटाने के लिए नहीं।
शिखर सम्मेलन की संरचना मानव, पृथ्वी और प्रगति के आस-पास तैयार की गयी है। सभी एआई प्रणालियाँ उस ज्ञान और डेटा पर आधारित हैं, जो दुनिया भर के समाजों द्वारा पैदा किए गए हैं। इसलिए, हम चाहते हैं कि एआई का लाभ हर किसी तक पहुंचे, केवल प्रारंभिक उपयोगकर्ताओं तक ही सीमित न रहे।
वैश्विक दक्षिण में आयोजित किए गए पहले वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन के रूप में, भारत एक ऐसा मंच बना रहा है, जो कम प्रतिनिधित्व प्राप्त देशों की आवाजों और विकास प्राथमिकताओं को मजबूत करता है।
एआई शासन, समावेशी डेटासेट, जलवायु अनुप्रयोग, कृषि उत्पादकता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और बहुभाषी पहुंच हमारे लिए गौण मुद्दे नहीं हैं। ये केंद्रीय हैं। हमारा विज़न स्पष्ट है: एआई को गहराई से मानव-केंद्रित बने रहकर वैश्विक विकास की गति को तेज करना चाहिए।

एएनआई: आपने सशक्तिकरण और विकास के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग के बारे में हमेशा बात की है। आप विकासित भारत 2047 में एआई की भूमिका को कैसे देखते हैं?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: एआई भारत के विकासित भारत 2047 की यात्रा में एक परिवर्तनकारी अवसर का प्रतिनिधित्व करता है। एआई का सूझबूझ से और रणनीतिक दृष्टिकोण के साथ लाभ उठाना, विकास से जुड़ी गंभीर चुनौतियों को हल करने में मदद करता है और पूरी तरह से नए आर्थिक अवसर पैदा करता है, जिससे समावेशी विकास संभव होता है, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच का अंतर कम होता है और अवसरों तक पहुँच का विस्तार होता है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में, एआई पहले से ही प्रभाव डाल रहा है। हम देख रहे हैं कि एआई आधारित समाधान; टीबी, मधुमेह दृष्टिपटल-विकृति उपचार (रेटिनोपैथी), मिरगी और कई अन्य बीमारियों का शुरुआती पता लगाने में प्राथमिक और जिला स्वास्थ्य केंद्रों की मदद कर रहे हैं।
शिक्षा में, भारतीय भाषाओं में एआई-संचालित व्यक्तिगत ज्ञान-प्राप्ति के प्लेटफार्म, ग्रामीण और सरकारी स्कूलों के छात्रों को अनुकूल शैक्षणिक समर्थन प्राप्त करने में मदद कर रहे हैं।
एक बहुत ही अनूठी पहल के तहत, अमूल कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग करके हजारों गांवों की 36 लाख महिला डेयरी किसानों तक पहुंच बनाने में सक्षम हो रहा है, गायों के स्वास्थ्य और उत्पादकता पर गुजराती में वास्तविक समय पर मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है और जमीनी स्तर की महिला उत्पादकों को सशक्त बना रहा है।
कृषि में, भारत विस्तार पहल का उद्देश्य फसल परामर्श, मृदा विश्लेषण और मौसम-संबंधी जानकारी में एआई को एकीकृत करना है, ताकि किसानों को बेहतर व स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने में मदद मिल सके।
विरासत संरक्षण में भी, एआई प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और व्याख्या को सक्षम बना रहा है, जिससे भारत की सभ्यतागत ज्ञान प्रणालियां सामने आ रही हैं।
ऐसे समय में, जब दुनिया एआई विभाजन के गहरा होने को लेकर चिंतित है, भारत इसका उपयोग विभाजन को पाटने के लिए कर रहा है। हम इसे हर गांव, हर जिले और हर नागरिक तक स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आर्थिक अवसर पहुँचाने का एक प्रभावी उपकरण बना रहे हैं।

एएनआई: पेरिस में आयोजित एआई एक्शन समिट 2025 में अपने भाषण में, आपने एआई के पूर्वाग्रह और सीमाओं पर जोर दिया था। क्या तब से अब तक स्थिति में कोई बदलाव आया है? भारत इस समस्या का समाधान कैसे करेगा, इस बारे में आपकी क्या राय है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:– एआई में पूर्वाग्रह और सीमाओं से संबंधित चिंताएं आज भी बेहद प्रासंगिक हैं। एआई को अपनाने की गति बढ़ने के साथ-साथ जोखिम भी बढ़ते जा रहे हैं। एआई प्रणालियां अनजाने में लिंग, भाषा और सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से संबंधित पूर्वाग्रहों को बढ़ावा दे सकती हैं।
एआई इम्पैक्ट समिट 2026 विभिन्न हितधारकों को एक साथ ला रहा है और एआई के पूर्वाग्रहों और सीमाओं जैसे मुद्दों पर वैश्विक जागरूकता पैदा कर रहा है। यह ऐसा मुद्दा है जिस पर वैश्विक सहयोग की आवश्यकता है।
भारत के लिए विशेष रूप से, हमारे सामने अनूठी चुनौतियाँ और अवसर हैं। हमारी विविधता – भाषाई, सांस्कृतिक, क्षेत्रीय – का अर्थ है कि एआई पूर्वाग्रह ऐसे तरीकों से प्रकट हो सकता है जो पश्चिमी संदर्भों में स्पष्ट नहीं हो सकते। अंग्रेजी डेटा या शहरी संदर्भों पर मुख्य रूप से प्रशिक्षित एआई प्रणाली ग्रामीण उपयोगकर्ताओं या क्षेत्रीय भाषाओं के बोलने वालों के लिए खराब प्रदर्शन कर सकती है।
सकारात्मक बात यह है कि भारत इस समस्या का अधिक व्यवस्थित ढंग से समाधान करना शुरू कर रहा है। हम देख रहे हैं कि भारत की विविधता को दर्शाने वाले विविध डेटासेट बनाने पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है, साथ ही एआई के विकास पर भी अधिक बल दिया जा रहा है। विशेष रूप से भारत को वैश्विक स्तर पर शीर्ष तीन एआई महाशक्तियों में शामिल होना चाहिए और क्षेत्रीय भाषाएँ, और भारतीय शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी कंपनियों में निष्पक्षता और पूर्वाग्रह पर बढ़ता शोध ध्यान देने योग्य है।

एएनआई: आधार और यूपीआई जैसी कम लागत वाली डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) के निर्माण में भारत की सफलता अभूतपूर्व है। डीपीआई और एआई के समन्वय से सार्वजनिक सेवा वितरण में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है। इस संबंध में भारत ने क्या सीखा है, जिससे वैश्विक दक्षिण को मदद मिल सकती है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: भारत की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना यात्रा वैश्विक दक्षिण के लिए महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सबक प्रदान करती है। डिजिटल सूचना प्रौद्योगिकी (डीपीआई) और एआई का अभिसरण समावेशी विकास की अगली सीमा है।
आधार, यूपीआई और अन्य डिजिटल सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में हमारी सफलता आकस्मिक नहीं थी। यह कुछ अनुकरणीय सिद्धांतों पर आधारित थी।
सबसे पहले, हमने डिजिटल बुनियादी ढांचे को सार्वजनिक हित के रूप में विकसित किया, न कि किसी मालिकाना प्लेटफॉर्म के रूप में। इस खुली और अंतरसंचालनीय वास्तुकला ने सामान्य आधार परत के ऊपर नवाचार को फलने-फूलने की अनुमति दी।
दूसरी बात, हमने पहले दिन से ही व्यापकता और समावेशिता को ध्यान में रखते हुए डिजाइन तैयार किया। हमारी प्रणालियाँ 1.4 अरब लोगों के लिए काम करती हैं, चाहे उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति, साक्षरता स्तर, क्षेत्र या भाषा कुछ भी हो।
जब इस आधार पर एआई को लागू किया जाता है, तो शासन व्यवस्था कहीं अधिक उत्तरदायी और कुशल बन सकती है। एआई कल्याणकारी योजनाओं को लक्षित करने में सुधार कर सकता है, धोखाधड़ी का पता लगाने की क्षमता को मजबूत कर सकता है, बुनियादी ढांचे के पूर्वानुमानित रखरखाव को सक्षम बना सकता है, शहरी नियोजन में सहायता कर सकता है और सार्वजनिक प्रणालियों में पारदर्शिता बढ़ा सकता है।
साथ ही, हम सुदृढ़ डिजिटल बुनियादी ढांचे, मजबूत डेटा गोपनीयता सुरक्षा, विचारशील नियामक ढांचे और समाज भर में एआई साक्षरता के महत्व को समझते हैं।

एएनआई: इंजीनियरिंग प्रतिभा के लिहाज़ से भारत एक शक्तिशाली केंद्र है। हम विश्व को एक विशाल तकनीकी कार्यबल मुहैया कराते हैं। एआई युग में हम इसे और कैसे मजबूत कर सकते हैं?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: भारत में प्रतिभा और उद्यमशीलता की ऐसी ऊर्जा है, जिससे वह एआई का एक शक्तिशाली केंद्र बन सकता है, न केवल उपभोक्ता के रूप में, बल्कि निर्माता के रूप में भी। हमारे स्टार्टअप, अनुसंधान संस्थान और तकनीकी व्यवस्था तंत्र ऐसा एआई समाधान तैयार कर सकते हैं, जो विनिर्माण को बढ़ावा दें, शासन में सुधार करें और नए रोजगारों का सृजन करें।
मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे युवा, भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप किसानों, लघु और मध्यम उद्यमों, महिला उद्यमियों और जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों के लिए डिजाइन किए गए एआई समाधान विकसित कर सकते हैं। हम अपने प्रतिभाशाली युवाओं द्वारा एआई को नवाचार और समावेशन के लिए एक सशक्त माध्यम बनाने के हर प्रयास को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
केंद्रीय बजट 2026-27 भी इसी दृष्टिकोण को और पुख्ता करता है। यह डेटा केंद्रों और क्लाउड अवसंरचना के लिए समर्थन का विस्तार करते हुए, घरेलू कंप्यूटिंग क्षमता को मजबूत करने की वकालत करता है।
इंडियाएआई फ्रेमवर्क के तहत, स्टार्टअप्स और अनुसंधान संस्थानों को उच्च-प्रदर्शन वाले एआई कंप्यूटिंग संसाधनों तक पहुंच प्रदान करके सहायता दी जा रही है। सेमीकंडक्टर विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स पीएलआई, एआई उत्कृष्टता केंद्रों और डिजिटल कौशल विकास को बढ़ावा देने से हार्डवेयर और मानव पूंजी दोनों की नींव मजबूत हो रही है।
कुल मिलाकर हम न केवल प्रतिभाओं का पोषण कर रहे हैं, बल्कि हम भारत को एआई क्रांति में भाग लेने से लेकर, उसे आकार देने तक के लिए ज़रुरी बुनियादी ढांचा, नीतिगत व्यवस्था और कौशल आधार का निर्माण कर रहे हैं।

एएनआई: भारत का आईटी क्षेत्र काफी उत्कृष्ट है, जो हमारे सेवा निर्यात में अहम योगदान देता है। आप एआई को हमारे आईटी क्षेत्र पर किस प्रकार प्रभावित होते हुए देखते हैं? और सरकार हमारे आईटी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठा रही है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: भारत का आईटी क्षेत्र हमारे सेवा निर्यात की रीढ़ रहा है और आर्थिक विकास का एक प्रमुख चालक भी है। एआई इस क्षेत्र के लिए एक जबरदस्त अवसर और चुनौती दोनों पेश करता है। एआई के क्षेत्र में बाजार का अनुमान देखें तो भारत का आईटी क्षेत्र वर्ष 2030 तक 400 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जो एआई-सक्षम आउटसोर्सिंग और डोमेन-विशिष्ट स्वचालन की विचारधारा से प्रेरित है। मूल बात यह है कि एआई आईटी क्षेत्र को प्रतिस्थापित नहीं कर रहा है, बल्कि यह उसमें बदलाव ला रहा है। मौजूदा दौर में सामान्य इस्तेमाल वाले एआई उपकरण व्यापक रूप से प्रचलित हो चुके हैं, लेकिन उद्यम-स्तरीय एआई का उपयोग अभी भी कुछ विशिष्ट क्षेत्रों तक ही सीमित है और बड़ी तथा स्थापित आईटी कंपनियां जटिल व्यावसायिक समस्याओं को सुलझाने में अहम भूमिका निभाती रहती हैं।
एक मजबूत भारतीय एआई व्यवस्था को सक्षम बनाने के लिए, सरकार ने इंडियाएआई मिशन पर केंद्रित एक व्यापक रणनीति तैयार की है। हम पहले ही जीपीयू के अपने शुरूआती लक्ष्य को पार कर चुके हैं और हम स्टार्टअप और उद्यमों के लिए विश्व स्तरीय एआई बुनियादी ढांचे तक किफायती पहुंच प्रदान करने के लिए और अधिक काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
हमने स्वास्थ्य सेवा, कृषि, शिक्षा और सतत् शहरी विकास के क्षेत्र में चार उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए हैं। इसके साथ ही, हमने कौशल विकास के लिए पांच राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र भी स्थापित किए हैं, ताकि हमारे कार्यबल को उद्योग-संबंधी एआई विशेषज्ञता से लैस किया जा सके।
हम चाहते हैं कि हमारा आईटी क्षेत्र न केवल सेवा वितरण में आगे हो, बल्कि एआई उत्पादों, प्लेटफार्मों और समाधानों के निर्माण में भी अग्रणी हो, जो भारत और विश्व के लिए मददगार साबित हो सके।

एएनआई: हमने एआई के दुरुपयोग के कई उदाहरण देखे हैं। हम एआई तकनीक से होने वाले संभावित नुकसान से भारतीयों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित कर रहे हैं?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: प्रौद्योगिकी एक शक्तिशाली उपकरण है, लेकिन यह केवल मानवीय आकांक्षाओं को बढ़ाने वाला एक साधन मात्र है। यह सुनिश्चित करना हमारा दायित्व है कि यह एक सकारात्मक शक्ति बने। हालांकि एआई मानवीय क्षमताओं को बढ़ा सकता है, लेकिन निर्णय लेने का अंतिम दायित्व सदैव मनुष्यों का ही रहना चाहिए। दुनिया भर के समाज में इस बात पर बहस हो रही है कि एआई का उपयोग और संचालन कैसे किया जाना चाहिए। भारत यह दिखाकर इस चर्चा को दिशा देने में योगदान दे रहा है कि मजबूत सुरक्षा उपाय निरंतर नवाचार के साथ-साथ चल सकते हैं।
इसके लिए हमें एआई पर एक वैश्विक समझौते की आवश्यकता है, जो कुछ मूलभूत सिद्धांतों पर आधारित हो। प्रभावी मानवीय निगरानी, ​​डिज़ाइन द्वारा सुरक्षा, पारदर्शिता और डीपफेक, अपराध और आतंकी गतिविधियों के लिए एआई के उपयोग पर कड़े प्रतिबंध इनमें शामिल होने चाहिए।
भारत आर्टिफिशियल इंटैलिजेंस (एआई) विनियमन में अधिक संरचित सुशासन दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है। जनवरी 2025 में इंडियाएआई सेफ्टी इंस्टीट्यूट की स्थापना के साथ, देश ने एआई प्रणालियों के नैतिक, सुरक्षित और दायित्वपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित ढांचा बनाया है।
जैसे-जैसे एआई अधिक उन्नत होता जा रहा है, हमारे दायित्व की भावना भी मजबूत होनी चाहिए। भारत के दृष्टिकोण की विशिष्टता स्थानीय जोखिमों और सामाजिक वास्तविकताओं पर इसके ध्यान केंद्रित करने में निहित है। उभरता जोखिम मूल्यांकन ढांचा राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के साथ-साथ कमजोर समूहों को होने वाले नुकसानों पर भी विचार करता है, जिसमें महिलाओं को लक्षित करने वाले डीपफेक, बाल सुरक्षा जोखिम और बुजुर्गों को प्रभावित करने वाले खतरे शामिल हैं।
डीपफेक वीडियो में वृद्धि के कारण इन सुरक्षा उपायों की तात्कालिक आवश्यकता सभी के लिए स्पष्ट होती जा रही है। इसके जवाब में, भारत ने एआई-जनित सामग्री पर वॉटरमार्किंग और हानिकारक कृत्रिम मीडिया को हटाने के लिए नियम अधिसूचित किए हैं। सामग्री सुरक्षा उपायों के साथ-साथ, डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम डिजिटल इकोसिस्टम में डेटा सुरक्षा और उपयोगकर्ता अधिकारों को मजबूत करता है।
भारत की प्रतिबद्धता वैश्विक स्तर पर भी फैली हुई है। जिस प्रकार विमानन और जहाजरानी में सीमाओं के पार सुरक्षा और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के लिए वैश्विक मानदंड हैं, उसी प्रकार विश्व को एआई में भी समान सिद्धांतों और मानकों की दिशा में काम करना चाहिए। चाहे वर्ष 2023 के एआई मानकों में अपनी भूमिका के माध्यम से हो, चाहे 2023 के जीपीएआई घोषणापत्र में अपनी भूमिका के माध्यम से हो, पेरिस एआई चर्चाओं में हो या वर्तमान शिखर सम्मेलन में, भारत ने लगातार नवाचार को आगे बढ़ाने और साथ ही सुरक्षित और समावेशी #एआई फॉर ऑल यानी सभी के लिए एआई के लिए सुरक्षा उपायों का निर्माण करने के संतुलित मार्ग का समर्थन किया है।

एएनआई: युवाओं के एक वर्ग में यह डर है कि एआई उनकी नौकरियां छीन लेगा। यदि ऐसा होता है, तो भारत के जनसांख्यिकीय लाभांश का फायदा उठाना मुश्किल होगा। भारत सरकार इस चुनौती से कैसे निपट रही है?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: मैं रोजगार बाजार में एआई-चालित व्यवधानों को लेकर हमारे युवाओं की चिंता को समझता हूँ। डर का सबसे अच्छा उपचार तैयारी है।
इसीलिए हम एआई-चालित भविष्य के लिए अपने लोगों को कौशल प्रदान करने और कौशल में प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए निवेश कर रहे हैं।
सरकार ने दुनिया की सबसे महत्वाकांक्षी कौशल विकास पहलों में से एक की शुरूआत की है। हम इसे भविष्य की समस्या के रूप में नहीं देख रहे हैं, बल्कि इसे वर्तमान की अनिवार्यता के रूप में ले रहे हैं।
मैं एआई को एक शक्ति-गुणक के रूप में देखता हूँ जो हमें उन सीमाओं को आगे बढ़ाने में सहायता करेगा जो हमने पहले संभव मानी थीं। यह चिकित्सकों, शिक्षकों और वकीलों को और लोगों के एक बड़े समूह तक पहुँचने में सहायता करेगा।
इतिहास गवाह है कि प्रौद्योगिकी के कारण काम समाप्त नहीं होता है। इसका स्वरूप बदलता है और नए प्रकार के रोजगार सृजित होते हैं। हालांकि कुछ नौकरियों की परिभाषा बदल सकती है, लेकिन डिजिटल परिवर्तन से भारत की अर्थव्यवस्था में नई तकनीकी नौकरियां भी जुड़ेंगी। सदियों से यह आशंका रही है कि नवाचार और तकनीकी क्रांतियां नौकरियों को समाप्त कर देंगी। लेकिन इतिहास हमें सिखाता है कि जब भी नवाचार होता है, नए अवसर पैदा होते हैं। आर्टिफिशियल इंटैलिजेंस के युग में भी यही सच होगा।
भारत इस बदलाव के अनुकूल ढलने के लिए पहले से ही अच्छी तरह से तैयार है। स्टैनफोर्ड ग्लोबल एआई वाइब्रेंसी इंडेक्स 2025 में, भारत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जो एआई अनुसंधान एवं विकास, प्रतिभा और
अर्थव्यवस्था में मजबूत वृद्धि को दर्शाता है। हमें विश्वास है कि नवाचार और समावेशन को मिलाकर, एआई भारत के कार्यबल को मजबूत करेगा। सही कौशल और तैयारी के साथ, हमारे युवा भविष्य के कार्य का नेतृत्व करेंगे।

एएनआई: आपके नेतृत्व में, भारत ने 4-जी और 5-जी जैसी स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ ड्रोन प्रौद्योगिकी का विकास किया है। आत्मनिर्भर भारत के लिए एआई पर आपका क्या दृष्टिकोण है?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: आत्मनिर्भर भारत की ओर हमारी यात्रा एक मूलभूत सिद्धांत पर आधारित है: भारत को न केवल प्रौद्योगिकी का उपभोग करना चाहिए, बल्कि उसका सृजन भी करना चाहिए। आत्मनिर्भर भारत में एआई के लिए मेरा दृष्टिकोण तीन स्तंभों: संप्रभुता, समावेशिता और नवाचार पर टिका है। मेरा दृष्टिकोण यह है कि भारत वैश्विक स्तर पर शीर्ष तीन एआई महाशक्तियों में से एक हो, न केवल एआई के उपभोग में, बल्कि सृजन में भी। हमारे एआई मॉडल का पूरे विश्व में उपयोग किया जाएगा, अरबों लोगों को उनकी मातृभाषाओं में सेवाएं प्रदान करेंगे। हमारे एआई स्टार्टअप का मूल्य सैकड़ों अरबों में होगा, जिससे लाखों उच्च-गुणवत्ता वाली नौकरियां सृजित होंगी। एआई-संचालित हमारी सार्वजनिक सेवाओं का, कुशल और न्यायसंगत सुशासन के लिए मानक के रूप में वैश्विक स्तर पर अध्ययन किया जाएगा। और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रत्येक भारतीय एआई को अवसर प्रदान करने वाले, क्षमता बढ़ाने वाले और मानवीय गरिमा के सेवक के रूप में, न कि उनकी आजीविका के लिए खतरे या नियंत्रण के साधन के रूप में अनुभव करेगा।
एआई में आत्मनिर्भर भारत का अर्थ है भारत द्वारा डिजिटल सदी के लिए अपना स्वयं का कोड लिखना, और इंडियाएआई मिशन के माध्यम से, हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोड हमारे मूल्यों को प्रतिबिंबित करे, हमारे लोगों की सेवा करे और भारत को विश्व के लिए एक दायित्वपूर्ण एआई नेतृत्व के रूप में स्थापित करे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *