मीडियावाणी डेस्क की रिपोर्ट। मिडिल ईस्ट में चल रहे ईरान-इजराइल युद्ध के 12वें दिन तनाव और बढ़ गया है। ईरान ने दावा किया है कि उसने इजराइल के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने इजराइल के साथ-साथ मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान अब साइबर और रणनीतिक हमलों के तहत अमेरिकी टेक कंपनियों के दफ्तरों और डेटा सेंटरों को भी निशाना बना सकता है। संभावित टारगेट की सूची में Google, Amazon, Microsoft, Nvidia, IBM और Oracle जैसी बड़ी टेक कंपनियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार इन कंपनियों के इजराइल, दुबई और अबू धाबी में स्थित कार्यालय और डेटा सेंटर संभावित खतरे में हो सकते हैं।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं। United Nations Security Council (UNSC) आज एक प्रस्ताव पर मतदान करने वाली है। इस प्रस्ताव में ईरान से अपील की गई है कि वह Bahrain, Kuwait, Oman, Qatar, Saudi Arabia, United Arab Emirates और Jordan जैसे देशों पर संभावित हमलों को तुरंत रोके।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस सैन्य तनाव को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ती जा रही है और कई देशों ने क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने की अपील की है।

