कबीरधाम: सेमो में 5 एमवीए ट्रांसफार्मर के साथ नए विद्युत उपकेन्द्र की आधारशिला

vijay sharma dy cm

रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम सेमो में 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र की आधारशिला उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने रखी। इस परियोजना के शुरू होने से आसपास के 10 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और लगभग 2 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

उप मुख्यमंत्री ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह उपकेन्द्र क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या का स्थायी समाधान करेगा।

क्या होगी नई व्यवस्था?

  • कुल लागत: 2.38 करोड़ रुपए
  • स्थापित होगा: 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर
  • निकाले जाएंगे: 3 अलग-अलग 11 केवी फीडर
  • लाभान्वित होंगे: 10 गांव और 2000+ उपभोक्ता
  • क्षेत्र में लगभग 500 कृषि पंप को मिलेगी बेहतर विद्युत आपूर्ति

इन गांवों को मिलेगा लाभ

नए उपकेन्द्र से सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवाभांवर और दुल्लापुर सहित कुल 10 गांवों के उपभोक्ताओं को सीधा फायदा होगा।

वर्तमान में इन गांवों को 33/11 केवी उपकेन्द्र बिजई से संचालित सोनबरसा बस्ती फीडर और सोनबरसा पंप फीडर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। कृषि पंपों की अधिक संख्या के कारण क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी, जिससे किसानों को कठिनाई होती थी।

किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

नए उपकेन्द्र के शुरू होने से:

  • कृषि कार्यों के लिए निर्बाध बिजली मिलेगी
  • सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी
  • किसानों की आय बढ़ने की संभावना मजबूत होगी
  • बारिश के मौसम में भी स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी
  • बिजई उपकेन्द्र पर दबाव कम होगा
  • विकास गांवों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास को केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि गांवों और वनांचलों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देगी और भविष्य की बढ़ती विद्युत जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों की जानकारी ली और ग्रामवासियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *