टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर BCCI ने टीम इंडिया को दिया 131 करोड़ का इनाम

team india

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के लिए ₹131 करोड़ के इनाम की घोषणा की है। यह राशि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी।

भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम को 3 मिलियन डॉलर (करीब ₹27.5 करोड़) की प्राइज मनी भी मिली है।

वहीं, फाइनल में हारने वाली न्यूजीलैंड टीम को 1.6 मिलियन डॉलर (करीब ₹14.7 करोड़) की इनामी राशि दी गई। हालांकि इस बार आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले प्राइज मनी की आधिकारिक घोषणा नहीं की थी, जबकि आमतौर पर हर बड़े टूर्नामेंट में इसकी जानकारी पहले ही दे दी जाती है।

भारत बना तीन टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश

भारतीय टीम ने 2024 के बाद 2026 में भी खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई।

भारत अब तक तीन बार (2007, 2024 और 2026) टी-20 वर्ल्ड कप जीत चुका है और ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।

पहली बार घरेलू मैदान पर जीता टी-20 वर्ल्ड कप

अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में जीत के साथ भारत ने पहली बार अपने घरेलू मैदान पर टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी भी जीती। इससे पहले टीम इंडिया ने 2007 में साउथ अफ्रीका और 2024 में वेस्टइंडीज में खिताब जीता था।

अब भारत के नाम तीन टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी हैं, जबकि वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दो-दो बार यह खिताब जीत चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *