यमुना में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 10 की मौत, कई घायल और लापता

mathura
  • वृंदावन के श्रृंगार घाट पर बड़ा हादसा, 25-30 लोग थे सवार, राहत-बचाव अभियान जारी

मथुरा/वृंदावन:
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट अचानक पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं और पांच अब भी लापता हैं।

कैसे हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे, जो श्रृंगार घाट से यमुना नदी में सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई और उसमें सवार लोग नदी में गिर गए।

प्रत्यक्षदर्शी भूप सिंह, जो पास के पुल पर संविदा कर्मचारी हैं, ने बताया कि नाव अचानक डगमगाई और देखते ही देखते पलट गई, जिससे लोग संभल नहीं सके और नदी में डूबने लगे।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। डीआईजी शैलेश पांडेय, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और एसपी सिटी राजीव कुमार समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

गोताखोरों की टीम लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। अब तक 10 से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।

प्रशासन अलर्ट, जांच के आदेश

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर नाव में अधिक सवारियां और संतुलन बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है। अधिकारियों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *