रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए कांग्रेस की प्रत्याशी फूलों देवी नेताम निर्वाचित हो गई हैं। राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद वे रायपुर स्थित राजीव भवन रायपुर पहुंचीं, जहां प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
राजीव भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में दीपक बैज सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और राज्यसभा सदस्य बनने पर बधाई दी।
इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फूलों देवी नेताम के राज्यसभा पहुंचने से छत्तीसगढ़ की आवाज संसद में मजबूती से उठेगी। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि वे राज्य के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से सदन में रखेंगी।
वहीं फूलों देवी नेताम ने राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी और छत्तीसगढ़ के हितों को संसद में मजबूती से उठाएंगी।

