जशपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कांग्रेस पर साधा निशाना
रायपुर, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और जनादेश है। कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन देश की जागरूक जनता ऐसी राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने लगभग 55 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद जनता की अपेक्षाओं को पूरा नहीं किया। भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन के कारण कांग्रेस ने जनता का विश्वास खोया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपने शासनकाल और जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।
मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित और विकसित भारत का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी निर्णायक कार्रवाइयों के माध्यम से अपनी मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री आवास से महतारी वंदन तक, योजनाओं से बदल रही तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लाखों महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों की रक्षा के साथ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क, बिजली तथा पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री की गारंटी के अनुरूप प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदेश के तीन करोड़ से अधिक नागरिकों को स्थापना दिवस की बधाई देकर छत्तीसगढ़ के प्रति अपना विशेष स्नेह व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो जनता के बीच रहकर सेवा करते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनसेवा और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

