जशपुर को मिली 1.35 करोड़ के सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन की सौगात, CM साय ने किया लोकार्पण

उत्तर जशपुर में नए सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा, मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों को मिलेगी राहत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर शहर को विकास की एक और सौगात देते हुए 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। शहर के मध्य स्थित इस सर्वसुविधायुक्त भवन से अब नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दे रही है। सामुदायिक भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम हैं।

निजी आयोजन स्थलों पर खर्च का बोझ होगा कम

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस सामुदायिक भवन के निर्माण से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए महंगे निजी भवनों और टेंट की व्यवस्था पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस भवन से आम नागरिकों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना विकसित की जा रही है। सामुदायिक भवन स्थानीय लोगों के आपसी मेल-जोल और सामाजिक आयोजनों के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *