रायपुर/जगदलपुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ संघर्ष में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले एक हजार से अधिक शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बस्तर की धरती पर शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में हमारे जवानों का बलिदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग व्यर्थ नहीं जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री ने आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर में स्थायी शांति, समग्र विकास और माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध हैं।
शहीद परिवारों से की आत्मीय मुलाकात
श्री अमित शाह ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारजनों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया, ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री ने सुरक्षाबलों के जवानों से संवाद कर उनके उत्साह और समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने जवानों के अदम्य साहस को नमन किया
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में अग्रसर है, जिसमें सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण देव, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

