जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा 11 जून को प्री-बीएड एवं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। बस्तर जिले के परीक्षार्थियों के लिए जगदलपुर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
प्री-बीएड परीक्षा के लिए 9 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा, बाल विहार हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल गीदम रोड तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुरा, अग्रसेन चौक और रेलवे कॉलोनी शामिल हैं।
वहीं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 4 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय कुम्हरावण्ड, धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक धरमपुरा, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पथरागुड़ा तथा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल आसना शामिल हैं।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए सख्त नियम
जिला प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से ढाई घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रवेश से पहले मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी तथा प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को इंटरनेट से डाउनलोड किया गया स्पष्ट एवं मूल प्रवेश पत्र तथा वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना होगा। यदि प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है तो दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखने की सलाह दी गई है।
जूता-मोजा, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को हल्के रंग के कपड़े या हाफ टी-शर्ट पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। जूता-मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी और केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
इसके अलावा बाली, झुमका, घड़ी, पर्स, मोबाइल फोन, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, चश्मा, हाथ में बंधे धागे सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगे।
नोडल अधिकारी और समन्वयक नियुक्त
परीक्षा संचालन के लिए जिला प्रशासन ने डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन और परीक्षा मंडल ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

