मुख्यमंत्री सचिवालय के छह अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां, संभागवार जवाबदेही भी तय

mahandi bhwan cg

रायपुर, 03 जून: छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री सचिवालय के छह वरिष्ठ अधिकारियों को नए सिरे से कार्य आबंटित किया है। जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों के विभागीय दायित्वों का पुनर्वितरण किया गया है। साथ ही पहली बार संभागवार जवाबदेही तय करते हुए प्रत्येक संभाग के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सुबोध कुमार सिंह के पास प्रमुख समन्वय की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री सचिवालय के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह के पास राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, सर्वोच्च न्यायालय, नीति आयोग, लोकसभा, राज्यसभा और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से जुड़े विषयों की जिम्मेदारी रहेगी।

इसके अलावा वे मंत्रिपरिषद समन्वय, अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, जनघोषणा पत्र, मुख्यमंत्री की विशेष परियोजनाओं और सीएम डैशबोर्ड की निगरानी भी करेंगे। सामान्य प्रशासन, वित्त, खनिज, विधि-विधायी तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग भी उनके कार्यक्षेत्र में शामिल रहेंगे।

मुकेश कुमार बंसल को कृषि और ऊर्जा विभागों की जिम्मेदारी

सचिव मुकेश कुमार बंसल मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा के साथ कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, ऊर्जा, जल संसाधन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आबकारी तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभागों की निगरानी करेंगे। सचिवालय के कर्मचारियों से जुड़े प्रशासनिक मामलों की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है।

पी. दयानंद संभालेंगे स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग

सचिव पी. दयानंद मुख्यमंत्री सहायता कोष, विवेकाधीन निधि और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से जुड़े मामलों का संचालन करेंगे। उनके पास लोक निर्माण, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, जीएसटी, पंजीयन और संसदीय कार्य विभागों का दायित्व रहेगा।

राहुल भगत को गृह और सामाजिक कल्याण विभाग

सचिव राहुल भगत मुख्यमंत्री निवास से जुड़े समन्वय कार्यों के अलावा गृह, जेल, परिवहन, संस्कृति, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग विकास विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे।

रजत बंसल और प्रभात मलिक को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

विशेष सचिव रजत बंसल सुशासन तिहार, सूचना का अधिकार और जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की निगरानी करेंगे। उनके पास पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, आवास एवं पर्यावरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामोद्योग और विमानन विभागों की जिम्मेदारी रहेगी।

वहीं संयुक्त सचिव प्रभात मलिक जनदर्शन और जन शिकायत निवारण व्यवस्था की निगरानी करेंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, नगरीय प्रशासन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, योजना, कौशल विकास एवं रोजगार तथा श्रम विभाग भी उनके कार्यक्षेत्र में शामिल होंगे।

पहली बार संभागवार जवाबदेही तय

सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पहली बार संभागवार जवाबदेही निर्धारित की है। इसके तहत प्रत्येक संभाग के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किया गया है।

  • रायपुर संभाग: मुकेश कुमार बंसल
  • बिलासपुर संभाग: पी. दयानंद
  • बस्तर संभाग: राहुल भगत
  • सरगुजा संभाग: रजत बंसल
  • दुर्ग संभाग: प्रभात मलिक

सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित मामलों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी तथा प्रशासनिक जवाबदेही भी बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *