रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से चार नए औद्योगिक पार्क (मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में इन परियोजनाओं को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में प्रदेश के चार जिलों में नए मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। इसके तहत राजनांदगांव जिले में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जाएगा। वहीं धमतरी जिले के पटेवा, जांजगीर-चांपा जिले के धूम्रपाली और बस्तर जिले के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे। इन औद्योगिक पार्कों से निवेश आकर्षित होने के साथ स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार के अनुसार, यह पहल केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी औद्योगिक विकास योजना के तहत की जा रही है, जिसे छत्तीसगढ़ में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। परियोजनाओं को समयबद्ध मंजूरी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. सारांश मित्तर तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव इफ्फत आरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सरकार का मानना है कि इन नए औद्योगिक पार्कों से राज्य के औद्योगिक आधार को मजबूती मिलेगी और आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

