स्वतंत्रता दिवस पर लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका ने फहराया तिरंगा, 6 मोबाइल एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

रायपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज सुबह लोकभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी उपस्थित रहीं।

राज्यपाल श्री डेका ने लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोकभवन के कर्मचारियों के परिजनों और बच्चों से आत्मीय मुलाकात की तथा बच्चों को टॉफी-मिठाई वितरित की।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, उप सचिव सुश्री निधि साहू सहित लोकभवन के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

6 मोबाइल एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन से 6 मोबाइल एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी को ये मोबाइल एम्बुलेंस महारत्न कंपनी आरईसी के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई हैं।

इन मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से उत्तर छत्तीसगढ़ के जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *