स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा, 17 प्लाटूनों ने किया भव्य मार्च पास्ट

रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश भी दिया।

17 प्लाटूनों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट

स्वतंत्रता दिवस समारोह में 17 प्लाटूनों ने अनुशासन और देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मार्च पास्ट का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि परेड-टू-आईसी श्री निशांत गौरव कुर्रे रहे।

इस वर्ष आमंत्रित वर्ग में बिहार पुलिस की टुकड़ी ने भी परेड में हिस्सा लिया। परेड में सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुरुष एवं महिला दल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना के पुरुष एवं महिला दल, एनसीसी बालक-बालिका, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड शामिल रहे।

समारोह में महिला बैगपाइपर बैंड दल की आकर्षक प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।

उत्कृष्ट परेड दलों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

केंद्रीय बल वर्ग

केंद्रीय बलों के वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टुकड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता दल को ₹5,000 की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई।

सीमा सुरक्षा बल (BSF) दूसरे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) तीसरे स्थान पर रहा। BSF की टुकड़ी को ₹3,000 तथा CRPF की टुकड़ी को ₹2,000 की नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।

राज्य बल वर्ग

राज्य बलों के वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (महिला) ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता दल को ₹5,000 और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ जेल पुलिस का दल दूसरे स्थान पर रहा, जिसे ₹3,000 और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल (पुरुष) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दल को ₹2,000 की नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

एनसीसी वर्ग में बालिकाओं ने मारी बाजी

कंटीजेंट एनसीसी वर्ग में एनसीसी गर्ल्स ने पहला और एनसीसी बॉयज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

परेड से जुड़े अधिकारियों और प्रतिभागियों का भी सम्मान

समारोह में परेड-टू-आईसी श्री निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर श्री विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर श्रीमती सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर श्री अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर श्री राज कपूर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

परेड प्रस्तुतियों में योगदान के लिए डॉ. अनुराधा दुबे और श्री मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे समारोह में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *