रायपुर, 15 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड से प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास, सुशासन, सुरक्षा, कृषि, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, बस्तर विकास और महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की उपलब्धियां और आगामी योजनाएं सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और छत्तीसगढ़ के वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह अवसर देश की एकता और अखंडता की गौरवशाली यात्रा से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का है।
नक्सलमुक्त बस्तर को बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सल मुक्त भारत का संकल्प पूरा हो चुका है। बस्तर में माओवादी हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास और जनकल्याण की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। लोग तिरंगा यात्राओं के जरिए स्वतंत्रता का उत्सव मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर का सर्वांगीण विकास डबल इंजन सरकार के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन किया जा रहा है, जिससे बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिल रहा है।
नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को दोबारा शुरू कराया गया है और 36 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। ओरछा और जगरगुंडा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।
34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत बस्तर के 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कर हेल्थ प्रोफाइल तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि बस्तर में 85 प्रतिशत परिवारों की मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है। लगभग 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपये की ‘आजीविका उन्नयन योजना’ तैयार की गई है।
सुरक्षा कैंपों को सेवा और विकास के केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। नेतानार से शुरू हुए ‘सेवा डेरा’ में नागरिक सुविधाओं के साथ कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
461 गांवों को ग्रिड से जोड़ने की तैयारी
बस्तर में अधोसंरचना विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत 461 गांवों को ग्रिड आधारित बिजली व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। 234 अंदरूनी बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण किया जा रहा है।
‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा’ के माध्यम से बस्तर और सरगुजा संभाग के 814 गांवों को सार्वजनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिल रहा है।
किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अन्नदाता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान का भुगतान किया जा रहा है।
फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने पर ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण उर्वरक आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद छत्तीसगढ़ में खाद संकट पैदा नहीं होने दिया गया।
24.50 लाख आवास स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में अब तक 24 लाख 50 हजार घर स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1600 घर बनाए जा रहे हैं।
‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ और ‘मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना’ के माध्यम से 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को लाभ
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से 70 लाख हितग्राही महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है।
पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की जा रही है।
अग्निवीरों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
स्टार्टअप के लिए 100 करोड़ रुपये का फंड
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘छत्तीसगढ़ स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति’ के तहत युवाओं के नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि ‘पीएम सेतु’ के तहत 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है और वर्षाकाल के बाद जिला एवं प्रदेश स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
500 करोड़ का छत्तीसगढ़ AI मिशन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में 500 करोड़ रुपये के ‘छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।
इस मिशन के तहत छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
पांच नए मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में पांच मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं।
छह शासकीय इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों को CGIT के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश में फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी कैंपस, NIFT और NIELIT जैसे संस्थान भी स्थापित किए गए हैं।
खेल अधोसंरचना को मिलेगा नया स्वरूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना का कायाकल्प किया जा रहा है और ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू किया जा रहा है।
ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को DSP पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपये की सम्मान राशि देने का निर्णय लिया गया है। राज्य के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा के अवसर भी खोले गए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के माध्यम से राज्य के 91 प्रतिशत लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। नवा रायपुर में मेडिसिटी का निर्माण किया जा रहा है।
राज्य में संस्थागत प्रसव का प्रतिशत बढ़कर 96.2 हो गया है। प्रदेश में 326 संजीवनी एक्सप्रेस और 380 महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस सेवाएं संचालित हो रही हैं।
निवेश प्रस्तावों में बड़ी छलांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के जरिए निवेशकों को आकर्षित करने के लिए देश-दुनिया में इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए गए। इससे अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई ‘स्विफ्ट टेक्सटाइल’ का भूमिपूजन हुआ है, जिससे 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट स्थापित किया जाएगा और प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।
ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि एनर्जी समिट में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। प्रदेश की भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए उत्पादन, पारेषण और वितरण—तीनों क्षेत्रों में दीर्घकालिक रणनीति के साथ काम किया जा रहा है।
‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ प्रदेश के 90 हजार से अधिक उपभोक्ता उठा रहे हैं।
सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे और रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रदेश के विकास को नई गति देंगे। रावघाट-जगदलपुर रेल नेटवर्क से बस्तर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 829 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं। ‘भारतनेट 3.0’ के माध्यम से 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य है।
सुशासन और कानून-व्यवस्था पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा दिखाए गए सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। पारदर्शी ई-ऑफिस प्रणाली अपनाई गई है।
‘CM हेल्पलाइन 1076’ के माध्यम से 80 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है। ‘सेवा सेतु पोर्टल’ के जरिए 700 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।
साइबर अपराधों से निपटने के लिए राज्य में 9 नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं और डायल 112 सेवा पूरे प्रदेश में लागू की गई है।
‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ‘वीबी-जी राम जी योजना’ के तहत प्रदेश के 6,524 गांवों में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।
पर्यटन और संस्कृति को नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन’ के जरिए बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के साथ यहां टेंट सिटी का निर्माण कराया जाएगा।
सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ी लोककला की विरासत को सहेजने के लिए पद्मविभूषण स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की स्मृति में ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ देने का निर्णय लिया गया है। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का निर्माण किया जा रहा है।
‘संगच्छध्वं, सं वदध्वं’ के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का आह्वान
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ सभी का सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने ऋग्वेद के मंत्र ‘संगच्छध्वं, सं वदध्वं, सं वो मनांसि जानताम्’ का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से एकजुट होकर विकास के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा—“जय हिंद, जय छत्तीसगढ़।”

