नई दिल्ली, 17 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी ने कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। भाजपा की ओर से नई नियुक्तियों को लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
नई टीम में स्मृति ईरानी, वसुंधरा राजे, पीयूष गोयल, विनोद तावड़े, सुनील बंसल और बिप्लव कुमार देव समेत कई प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
भाजपा की नई टीम में पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा शिवप्रकाश और सौदान सिंह को सहायक मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
उपाध्यक्ष पद पर तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्र भाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को जिम्मेदारी दी गई है।
इन नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय महामंत्री
पार्टी की नई टीम में राष्ट्रीय महामंत्री पद के लिए आठ नेताओं के नामों पर मुहर लगी है। इनमें विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लव कुमार देव, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं।
राष्ट्रीय मंत्री पद पर इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने राष्ट्रीय मंत्री पद पर भी कई नेताओं की नियुक्ति की है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप यादव, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, संदीप पाठक, फांग्नोन कोन्यक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश के नाम शामिल हैं।
नितिन नवीन ने दी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर नई राष्ट्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध नई टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्य कार्यकर्ता भाव से भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए काम करेंगे।

