रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पितृ पुरुषों को किया नमन

रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के भाजपा प्रदेश कार्यालय रायपुर

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी और भाजपा सोशल मीडिया के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने अपनी नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचकर पितृ पुरुषों को नमन किया। दोनों नेताओं ने स्मृति मंदिर में पूजा-अर्चना कर भाजपा के पितृ पुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

इस दौरान प्रदेश कार्यालय में दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना मुख्य ध्येय: रूपकुमारी चौधरी

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मातृशक्ति का नेतृत्व करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिला मोर्चा संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुरक्षा के लिए निरंतर काम करेगा।

डिजिटल माध्यम से जनता तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं: दीपक म्हस्के

भाजपा सोशल मीडिया के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।

दीपक म्हस्के ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रदेश भाजपा संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर सूचना और डिजिटल क्रांति का है। भाजपा का सोशल मीडिया विभाग केवल सूचनाएं साझा करने का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि जनता और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में काम करेगा। डिजिटल माध्यमों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

भाजपा कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत

कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे। ढोल-नगाड़ों के साथ दोनों नेताओं का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, महासमुंद जिला अध्यक्ष येतराम, महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, उज्ज्वल दीपक, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी, आईटी प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन, संदीप उपारकर, आदित्य कुरील सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *