नई दिल्ली, 11 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस वर्ष दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की 31 अगस्त 2026 को बिश्केक में आयोजित 26वें SCO शिखर सम्मेलन के अवसर पर मुलाकात हुई थी।
बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल विकास और जन-जन के संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
INNOPROM India से बढ़ेंगे भारत-रूस औद्योगिक संबंध
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने रूस की अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी ‘INNOPROM India’ के आयोजन का स्वागत किया। भारत में पहली बार आयोजित यह प्रदर्शनी 9 से 11 सितंबर 2026 तक चली।
दोनों नेताओं ने प्रदर्शनी का दौरा भी किया और वहां मौजूद प्रतिभागियों से बातचीत की। उन्होंने व्यापार एवं औद्योगिक सहयोग को और विस्तार देने में INNOPROM India की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
BRICS में भारत-रूस सहयोग पर भी चर्चा
बैठक के दौरान 2026 में भारत की अध्यक्षता में बहुपक्षीय क्षेत्र में भारत-रूस सहयोग पर भी विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से BRICS के भीतर दोनों देशों के बीच जुड़ाव और सहयोग को लेकर दोनों नेताओं ने अपने विचार साझा किए।
इसके अलावा पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में जारी संघर्षों सहित कई प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। काला सागर क्षेत्र की स्थिति ने समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को भी प्रभावित किया है।
बातचीत और कूटनीति से ही समाधान: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर इस बात पर जोर दिया कि संघर्षों के समाधान की दिशा में बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है। उन्होंने कहा कि भारत शांति प्रयासों में सहयोग के लिए तैयार है।
दोनों नेताओं ने मौजूदा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के प्रयास जारी रखने पर सहमति जताई।
राष्ट्रपति पुतिन ने PM मोदी को रूस आने का दिया निमंत्रण
बैठक के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। दोनों देशों के बीच राजनयिक चैनलों के माध्यम से आपसी सुविधा के अनुसार शिखर सम्मेलन की तारीख तय की जाएगी।
भारत और रूस के बीच यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब दोनों देश रणनीतिक, आर्थिक और बहुपक्षीय सहयोग को बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य के अनुरूप आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।

