स्मृति इरानी का भाजपा कार्यकर्ताओं को मंत्र: सादगी, अनुशासन और जनसंपर्क से मजबूत करें संगठन

छत्तीसगढ़ भाजपा की दूसरे दिन की बैठकें संपन्न, विधायकों, सांसदों, मंत्रिमंडल और कोर ग्रुप के साथ आगामी रणनीति पर हुआ मंथन

रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए सादगी, अनुशासन और जनसेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली पूंजी उसके कर्मयोगी कार्यकर्ता हैं, जिनके परिश्रम और निःस्वार्थ सेवा से संगठन लगातार मजबूत हुआ है। सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन वह जनता के बीच सीधे संपर्क और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का विकल्प नहीं हो सकता।

स्मृति ईरानी ने सोमवार को अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह चिंतन और आत्ममंथन का अवसर है। इस दौरान संगठन की प्राथमिकताओं को दोहराने और भारतीय जनसंघ से लेकर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने तक की यात्रा को दिशा देने वाले मूल विचारों पर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत

स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कर्मयोगी है। उसके परिश्रम से संगठन मजबूत होता है। पार्टी राष्ट्र प्रथम की भावना और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ समर्पण से आगे बढ़ने वाला वैचारिक आंदोलन है। भाजपा की रीति-नीति एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है, जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही सफलता का वास्तविक पैमाना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को अन्य दलों से अलग और मजबूत बनाने में अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पद और दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता संगठन की स्थायी शक्ति होता है। सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक कार्यकर्ता का आचरण पार्टी की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए सादगी को सार्वजनिक जीवन का स्थायी आभूषण बनाए रखना चाहिए।

सोशल मीडिया के साथ जनता से सीधा संवाद जरूरी

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज तकनीक और सोशल मीडिया का युग है। डिजिटल माध्यमों से संवाद जरूरी है, लेकिन जमीनी संपर्क का महत्व हमेशा बना रहेगा। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, पारा-टोला और बस्तर से लेकर सरगुजा तक आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना, उनकी बात सुनना और जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहना कार्यकर्ता का सच्चा धर्म है। जब कार्यकर्ता बिना किसी औपचारिकता के आम लोगों के बीच बैठता है, तब संगठन एक परिवार का रूप लेता है।

स्मृति ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर गहरा विश्वास जताया है। यह विश्वास पार्टी के लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है। संगठन को इस भरोसे को बनाए रखते हुए प्रत्येक बूथ तक अपनी पहुंच मजबूत करनी होगी।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी के पराक्रम और परिश्रम से प्रदेश में भाजपा को और मजबूत बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।

विधायकों और सांसदों के साथ हुई समीक्षा बैठक

भाजपा प्रदेश प्रभारी के दूसरे दिन के प्रवास के दौरान कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठकों का सिलसिला जारी रहा। आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीतियों को गति देने के उद्देश्य से मौजूदा विधायकों, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों, प्रदेश मंत्रिमंडल और भाजपा कोर ग्रुप के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।

पहले सत्र में विधायकों के साथ बैठक हुई। इसमें शासकीय योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, जनता से सीधे संवाद और संगठनात्मक मजबूती जैसे विषयों पर जोर दिया गया।

दूसरे सत्र में लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

मंत्रिमंडल और कोर ग्रुप के साथ भावी रणनीति पर मंथन

बैठकों के तीसरे सत्र में प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ चर्चा की गई। इस दौरान राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उनके प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

अंतिम सत्र में भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें स्मृति ईरानी के मार्गदर्शन में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श कर रूपरेखा तैयार की गई।

इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य सरकार के कामकाज, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक पकड़ को मजबूत बनाना रहा।

बैठक में मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक तथा भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *