Tiger shroff Comeback: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आने वाले हैं। मुंबई में हुई फायरिंग की घटना के करीब एक महीने बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर वापसी की है। सोमवार को उन्होंने अपने अपकमिंग गाने ‘तेनु लेके जाना’ का टीजर शेयर किया, जिसे देखकर उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हैं। 18 अक्टूबर को हुई घटना के बाद यह टाइगर का पहला सोशल मीडिया पोस्ट है।
टीजर में टाइगर ब्लैक टक्सीडो पहने अपने स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके साथ अभिनेत्री केतिका शर्मा भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में टाइगर के डांस मूव्स और शानदार अंदाज ने फैंस का ध्यान खींच लिया है। अभिनेता की वापसी पर सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
‘एक और चांस, एक और डांस’ के साथ टाइगर की वापसी
टाइगर श्रॉफ ने गाने का टीजर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘एक और चांस, एक और डांस।’ उनके इस अंदाज को फैंस ने शानदार वापसी बताया है। वीडियो में अभिनेता अपने जबरदस्त डांस स्टेप्स के साथ नजर आ रहे हैं। वहीं, केतिका शर्मा के साथ उनकी जोड़ी भी दर्शकों को आकर्षित कर रही है।
टाइगर की बहन कृष्णा श्रॉफ ने भी भाई की वापसी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कमेंट में फायर इमोजी शेयर किया और एक अन्य प्रतिक्रिया में लिखा, ‘वो वापस आ गया।’ वहीं, फैंस ने भी अभिनेता का स्वागत किया। एक यूजर ने लिखा, ‘हमारा हीरो वापस आ गया।’ दूसरे ने कहा कि लंबे समय बाद टाइगर को सोशल मीडिया पर देखकर अच्छा लगा। एक अन्य प्रशंसक ने लिखा, ‘टाइगर 2.0 वर्जन लोड हो गया है।’
18 नवंबर को रिलीज होगा ‘तेनु लेके जाना’
टाइगर श्रॉफ का नया गाना ‘तेनु लेके जाना’ 18 नवंबर 2026 को टी-सीरीज के बैनर तले रिलीज होगा। यह साल 2009 में आई फिल्म ‘जय वीरू’ के लोकप्रिय गाने ‘तेनु ले’ का नया रीक्रिएटेड वर्जन है। ओरिजिनल गाने को ओमर इनायत ने आवाज दी थी, जबकि इसमें कुणाल खेमू और अंजना सुखानी नजर आए थे। नए वर्जन में टाइगर श्रॉफ और केतिका शर्मा की जोड़ी दिखाई देगी।
जाह्नवी कपूर के साथ भी शूटिंग कर चुके हैं टाइगर
सोशल मीडिया पर वापसी से पहले ही टाइगर अपने काम पर लौट चुके थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने पुणे में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘लग जा गले’ के लिए चार दिनों तक एक गाने की शूटिंग की है। यह शूट कल्याणी नगर स्थित एक लोकप्रिय पब में हुआ था।
इस डांस नंबर को मशहूर कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस ने तैयार किया है। शूटिंग के दौरान टाइगर ब्लॉन्ड हेयर लुक में नजर आए। बताया जा रहा है कि वह शूटिंग के बीच डांसर्स और वहां मौजूद स्टाफ के साथ तस्वीरें भी खिंचवाते दिखाई दिए।
फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई
काम पर लौटने के बावजूद टाइगर की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता की टीम और उनके करीबी लोगों से नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं। इसके तहत टाइगर की लोकेशन और शूटिंग शेड्यूल से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने पर रोक है।
18 अक्टूबर को कार पर हुई थी फायरिंग
बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। घटना के समय अभिनेता अपने ड्राइवर के साथ फुटबॉल ग्राउंड से लौट रहे थे। इस घटना में टाइगर सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लगी थी। पास में मौजूद एक प्रशंसक भी घायल हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बाद टाइगर ने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। अब करीब एक महीने बाद उनकी वापसी और काम पर लौटने की खबर से प्रशंसकों में खासा उत्साह है।

