रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा अपनी प्रतिभा और साहस के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवक भुवनेश्वर कश्यप ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर अपनी साहसिक क्षमता का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर, हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 6 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण पर्वतीय ट्रेकिंग पूरी की। कठिन चढ़ाई, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और प्रतिकूल प्राकृतिक परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत और आत्मविश्वास के साथ अपना लक्ष्य हासिल किया। चांशल की पहाड़ियों पर उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर भी प्रदर्शित किया।
साहसिक प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल
10 दिवसीय शिविर में युवाओं को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग और रस्सियों के सहारे विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के गुर सिखाए गए।
प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य, साहस तथा सूझबूझ के साथ निर्णय लेने के लिए तैयार करना है। इस तरह की गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महाविद्यालय के शिक्षकों का मिला मार्गदर्शन
भुवनेश्वर कश्यप की इस उपलब्धि में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन अहम रहा। उनकी इस सफलता को बस्तर के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।

