जगदलपुर। बस्तर दशहरा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल प्रारंभ किया गया है, जबकि गीदम में मेडिकल कॉलेज इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू हो गया है। इसके साथ ही ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से बस्तर को देश का अग्रणी संभाग बनाने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।
बस्तर दशहरा बस्तर की जीवंत सांस्कृतिक पहचान: संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल
संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने मां दंतेश्वरी, मां मावली और बस्तर अंचल के समस्त ग्राम देवी-देवताओं को नमन करते हुए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट अवधि, अनूठी परंपराओं, सामूहिक आस्था और व्यापक जनभागीदारी के कारण देश के अन्य उत्सवों से अलग पहचान रखता है। लगभग 75 दिनों तक चलने वाला यह पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत पहचान का प्रतीक है।
मांझियों का मानदेय बढ़कर ₹5,000, चालकी को मिलेंगे ₹3,500 प्रतिमाह
संस्कृति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बस्तर के पारंपरिक प्रतिनिधियों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
सरकार ने मांझियों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये तथा चालकी का मानदेय 1,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था और रीति-रिवाजों को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रतिनिधियों के योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
बस्तर दशहरा समारोह में अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव, कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी और महापौर श्री संजय पाण्डे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बीएन मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और एसपी श्री शलभ सिन्हा सहित पारंपरिक मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरिन, नाइक-पाइक, बस्तर दशहरा समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

