जनगणना 2027: मुख्यमंत्री साय ने ऑनलाइन स्व-गणना अभियान की शुरुआत, नागरिकों से की भागीदारी की अपील

vishnudev sai cm chhattisgarh

रायपुर, 16 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित हो रहा है और छत्तीसगढ़ में आज से ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को आधुनिक और डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनी है।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार आगामी वर्षों की विकास योजनाएं तैयार करती है, ताकि हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर आवासीय और गैर-आवासीय भवनों की स्थिति, उपयोग और बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि प्रगणकों को सही, स्पष्ट और पूर्ण जानकारी दें, क्योंकि प्रत्येक जानकारी राज्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के लक्ष्य को हासिल करने में जनगणना की अहम भूमिका है और सटीक आंकड़े ही प्रभावी विकास की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने नागरिकों से इस महाअभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *