छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, 18 जुलाई तक 307.2 मिमी औसत बारिश; सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक वर्षा वाला जिला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश से खेती-किसानी के कार्यों ने गति पकड़ ली है। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 18 जुलाई 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार, एक जून से अब तक प्रदेश में औसतन 307.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा (375.4 मिमी) का 81.8 प्रतिशत है। वहीं शुक्रवार को राज्य में औसतन 17.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश के मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पूरे प्रदेश में सबसे आगे रहा, जहां अब तक 525.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके बाद जांजगीर-चांपा में 441.5 मिमी और बिलासपुर में 383.7 मिमी बारिश हुई। शुक्रवार को सर्वाधिक 58.6 मिमी वर्षा बिलासपुर में दर्ज की गई, जबकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 57.4 मिमी और जांजगीर-चांपा में 53.3 मिमी बारिश हुई।

सरगुजा संभाग में बलरामपुर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 337.5 मिमी वर्षा दर्ज की, जो जिले की सामान्य औसत का 148 प्रतिशत है। वहीं कोरिया, जशपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सूरजपुर में भी अच्छी बारिश हुई। हालांकि सरगुजा जिले में अब तक केवल 161 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।

रायपुर संभाग में महासमुंद (397.5 मिमी), बलौदाबाजार (390.3 मिमी), गरियाबंद (370.6 मिमी) और रायपुर (367.8 मिमी) में सामान्य से बेहतर बारिश हुई है। दुर्ग संभाग में दुर्ग और बालोद में अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजनांदगांव में अब तक केवल 142.9 मिमी बारिश हुई है।

बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा सबसे आगे रहा, जहां 405.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नारायणपुर, बीजापुर, बस्तर, कोंडागांव और सुकमा में भी संतोषजनक बारिश हुई। हालांकि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में अब तक केवल 195.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

लगातार हो रही बारिश से खरीफ फसलों की बुआई को गति मिली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *