कमजोर पड़ा चक्रवात अकवान, फिर भी छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट! इन जिलों में बरसेंगे बादल

रायपुर। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। तूफान की तीव्रता भले ही कम हो गई है, लेकिन प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं सात जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदला तूफान अकवान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील हो गया। फिलहाल यह उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। अनुमान है कि आने वाले कुछ घंटों में यह और कमजोर होकर अवदाब तथा बाद में स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल जाएगा। इस मौसमी सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

रायपुर में बादलों का रहेगा डेरा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 नवंबर को राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

सात जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

भारी बारिश की चेतावनी बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों के लिए जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

प्रदेश के इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले दिनों प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक, नया बाराद्वार में सबसे ज्यादा 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा सरायपाली, पिथौरा, सेवरीनारायण, कोमाखान, चंद्रपुर, बम्हनीडीह, महासमुंद, नवागढ़, गरियाबंद, गोबरा नवापारा, भोथिया, राजिम, हसौद और पलारी में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *