रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई में विकसित आधुनिक थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि इस व्यापारिक परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा तथा परिसर में उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक थोक बाजार राज्य में व्यापार और रोजगार दोनों को नई गति देगा। उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नाम पर यह नामकरण राष्ट्र निर्माण के प्रति श्रद्धांजलि है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी अधोसंरचना से व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ ‘ईज ऑफ लिविंग’ पर भी विशेष ध्यान दे रही है, जिससे प्रदेश में आर्थिक विकास को मजबूती मिल रही है।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि वर्ष 2010 में परिकल्पित इस परियोजना का सपना अब साकार हुआ है, जिससे व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
उल्लेखनीय है कि इस थोक बाजार का विकास दो चरणों में किया गया है। पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 दुकानें और हॉल बनाए गए, जबकि दूसरे चरण में 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र दुकानों का निर्माण किया गया है। इस परियोजना से प्रदेश में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलने की उम्मीद है।
डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण, सरदार पटेल के नाम पर होगा नामकरण: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
