तिरुपति प्रसादम् घी मिलावट मामला: ईडी की 15 ठिकानों पर छापेमारी, 45 करोड़ की संपत्तियों का खुलासा

नई दिल्ली: तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के प्रसादम् में इस्तेमाल किए गए घी में कथित मिलावट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को देशभर में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। एजेंसी ने महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश समेत 15 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

ईडी के अनुसार, छापेमारी के दौरान लगभग 60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही जांच में यह भी सामने आया है कि कथित अपराध से अर्जित धन को 45 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों में निवेश किया गया।

इन राज्यों में हुई कार्रवाई

ईडी की कार्रवाई महाराष्ट्र के आहिल्यानगर और मुंबई, राजस्थान के बीकानेर, उत्तराखंड के देहरादून और रुड़की, दिल्ली, तमिलनाडु के डिंडीगुल तथा आंध्र प्रदेश के गुंटूर सहित विभिन्न स्थानों पर की गई।

जांच एजेंसी ने आरोपित पोमिल जैन, विपिन जैन, राजू राजशेखरन, राजेश मंसुखलाल छावड़ा, अपूर्व विनयकंठ छावड़ा, मचींद्र शंकरराव लंके, अजय कुमार सुगंध, महेश कुमार रोहिरा और आशीष अग्रवाल के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की तलाशी ली।

डेयरी कंपनियों के संयंत्रों पर भी छापेमारी

ईडी ने मामले से जुड़ी तीन डेयरी कंपनियों के संयंत्रों पर भी कार्रवाई की। इनमें:

  • एआर डेयरी फूड प्राइवेट लिमिटेड (डिंडीगुल, तमिलनाडु)
  • मालगंगा मिल्क एंड एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (आहिल्यानगर, महाराष्ट्र)
  • भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क प्राइवेट लिमिटेड (रुड़की, उत्तराखंड)

शामिल हैं।

तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। ईडी का दावा है कि इनसे संकेत मिलता है कि कथित अपराध से अर्जित धन को छिपाने के लिए कई कंपनियों और कानूनी संस्थाओं के जटिल नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया।

टीटीडी अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

प्रवर्तन निदेशालय की प्रारंभिक जांच में यह आरोप सामने आया है कि कुछ आरोपितों ने कथित रूप से टीटीडी के कुछ अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर मिलावटी घी की आपूर्ति की। इससे ट्रस्ट को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया और अवैध रूप से अर्जित धन को बाद में विभिन्न अचल संपत्तियों में निवेश किया गया।

ईडी ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और वित्तीय लेनदेन के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *