CG News: गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर को बनाया निशाना, उठाकर जमीन पर पटका और किया चकनाचूर

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों को जंगल से भगाने की कोशिश ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में ट्रैक्टर की आवाज सुनकर एक हाथी अचानक उग्र हो गया और ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी तरफ आता देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने पहुंचे थे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ की सीमा से होते हुए 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा है। ग्रामीणों को डर था कि हाथी जंगल से निकलकर गांव की ओर आ सकते हैं और धान की तैयार फसल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आशंका के चलते ग्रामीण हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे।

सोमवार सुबह भी कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे। उनका इरादा ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को डराकर वहां से भगाने का था।

अचानक झाड़ियों से निकला हाथी, मची अफरा-तफरी

इसी दौरान झाड़ियों से एक हाथी अचानक बाहर निकला और ट्रैक्टर की तरफ दौड़ने लगा। हाथी को तेजी से अपनी ओर आता देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सभी लोग ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागे और किसी तरह अपनी जान बचाई।

सूंड से उठाकर पटका, पैरों से कुचलकर तोड़ा ट्रैक्टर

ग्रामीणों के भागने के बाद हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाया। उसने अपनी सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया। हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी।

बाद में गांव के एक अन्य किसान का ट्रैक्टर लेकर ग्रामीण दोबारा जंगल पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को टोचन कर गांव लाया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कोरबा के जंगलों में अलग-अलग झुंडों की मौजूदगी

घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए। देर शाम विभाग की टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा गया। बताया जा रहा है कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक अन्य हाथी और करतला वन परिक्षेत्र में छह हाथियों का झुंड भी विचरण कर रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को दी सतर्क रहने की सलाह

वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। ग्रामीणों को मुनादी के जरिए जंगल की ओर नहीं जाने की चेतावनी दी जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों को खुद भगाने या उनके नजदीक जाने की कोशिश न करें। हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *