रायपुर, 25 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्य में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की उद्योगोन्मुखी नीतियों और निवेश प्रोत्साहन उपायों के चलते छत्तीसगढ़ तेजी से वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने अपने जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान की उन्नत तकनीकी विशेषज्ञता राज्य के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सहयोग से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल और पारदर्शी वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने प्रदेश में निवेश बढ़ाने की इच्छा भी व्यक्त की।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफएसएनएल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान उपस्थित रहे।

