नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य तीनों देशों के साथ भारत के रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री मोदी 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा करेंगे, जहां वे राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। प्रधानमंत्री जकार्ता में भारतीय प्रवासी समुदाय को भी संबोधित करेंगे। साथ ही वे योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रंबानन मंदिर परिसर का दौरा भी करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न का दौरा करेंगे। यहां वे ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज़ के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भाग लेंगे, जहां दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों को संबोधित किया जाएगा। प्रधानमंत्री प्रवासी भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
ऑस्ट्रेलिया यात्रा के बाद प्रधानमंत्री 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड राजकीय यात्रा होगी। यहां प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और व्यापार, रक्षा तथा वाणिज्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे।
ऑकलैंड में प्रधानमंत्री प्रमुख व्यापारिक और खेल हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे तथा भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे। यह यात्रा भारत के इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव और साझेदारी को और मजबूती देने वाली मानी जा रही है।

