रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ अपनी औद्योगिक क्षमता और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी में है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने SING Forum 2026 के लिए देश के दो राज्यों—छत्तीसगढ़ और हरियाणा—का चयन किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर रहेगा।
SING Forum 2026 के माध्यम से राज्य को सिंगापुर के व्यापार जगत, निवेश संस्थानों और वैश्विक कंपनियों के सामने अपनी औद्योगिक संभावनाएं रखने का अवसर मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल का मुख्य फोकस निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी साझेदारी विकसित करने पर रहेगा।
CEO Roundtable में वैश्विक कंपनियों से सीधा संवाद
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय CEO Roundtable में प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और कारोबारी समूहों के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति, निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, One Click Single Window System और राज्य के कारोबारी वातावरण की जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री वैश्विक निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करने के साथ राज्य की औद्योगिक उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को भी सामने रखेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और IT सेक्टर पर फोकस
प्रतिनिधिमंडल की बैठकों में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, IT-ITES, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और फार्मास्युटिकल्स जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी। इन क्षेत्रों को तकनीक आधारित औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कौशल विकास और हरित विकास में सहयोग की संभावना
सिंगापुर में प्रतिनिधिमंडल Institute of Technical Education, Mandai Wildlife Reserve और Gardens by the Bay के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री बोले- वैश्विक साझेदारी से खुलेंगे नए रास्ते
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इस दौरे के माध्यम से राज्य में निवेश आकर्षित करने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा वैश्विक विशेषज्ञता और नवाचार से जुड़कर विकास के नए रास्ते खोलने का प्रयास किया जाएगा।
SING Forum 2026 का आयोजन Singapore Business Federation द्वारा किया जा रहा है। यह फोरम भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, CSIDC के प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के OSD उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।

