रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में 103 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं के तहत आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन का विस्तार और चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नई परियोजनाओं का लाभ मरीजों, मेडिकल विद्यार्थियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों सभी को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए अब पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। डीएम कार्डियक कोर्स की स्वीकृति सहित कई स्वास्थ्य परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में छत्तीसगढ़ को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की भी सौगात मिलेगी।

