Nitin Nabin, BJP National President नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन भाजपा के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
“हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है।”
-नितिन नबीन, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 55 मिनट का भाषण दिया। उन्होंने कहा, “भाजपा ऐसी पार्टी है जहां लोग सोचते होंगे कि मोदी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए, देश के हेड ऑफ द गवर्नमेंट बन गए। लेकिन इन सबसे बड़ी बात यह है कि मैं भाजपा का एक कार्यकर्ता हूं। मैं मानता हूं कि अब नितिनजी मेरे बॉस हैं और मैं कार्यकर्ता हूं। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे।” पीएम मोदी के इस बयान को संगठन में अनुशासन और लोकतांत्रिक परंपरा का प्रतीक माना जा रहा है।
वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर अपने पहले संबोधन में नितिन नबीन ने भाजपा की विचारधारा पर जोर देते हुए कहा, “हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है।”
गौरतलब है कि नितिन नबीन को इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी ताजपोशी को भाजपा के संगठनात्मक भविष्य और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

