रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जून को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में हुई मतगणना के दौरान कई महत्वपूर्ण सीटों के परिणाम सामने आए। प्रदेशभर में नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच समेत कुल 1310 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया था।
नगरीय निकाय चुनाव में पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए हुए मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस ने दो नगर पंचायत अध्यक्ष पदों पर कब्जा जमाया।
नवगठित नगर पंचायतों के परिणामों पर रही खास नजर
इस बार नवगठित नगर पंचायत घुमका, बम्हनीडीह, शिवानंदनपुर और पलारी में पहली बार चुनाव होने के कारण मतदाताओं और राजनीतिक दलों की विशेष नजर इन क्षेत्रों पर रही। चुनाव परिणामों ने स्थानीय राजनीति की नई तस्वीर भी सामने रखी।
सहसपुर लोहारा में भाजपा की सरिता मिश्रा की बड़ी जीत
कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में केवल अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ था। यहां भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 754 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की।
घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की जीत
राजनांदगांव जिले की नवगठित घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने 85 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया। वहीं वार्ड चुनाव में भाजपा ने 11 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 3 और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई।
बम्हनीडीह में भाजपा का दबदबा
जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा उम्मीदवार रमेश डडसेना अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वार्ड चुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन मजबूत रहा। यहां 11 वार्डों में भाजपा, 3 में कांग्रेस और 1 में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।
शिवानंदनपुर में भाजपा अध्यक्ष, वार्डों में कांग्रेस आगे
सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल अध्यक्ष पद जीतने में सफल रहे। हालांकि वार्ड स्तर पर कांग्रेस को बढ़त मिली। कुल 15 वार्डों में से 8 पर कांग्रेस और 7 पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस का कब्जा
बालोद जिले की नवगठित पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस उम्मीदवार यानेश कुमार ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। वार्ड परिणामों में भी कांग्रेस को बढ़त मिली। यहां 9 वार्डों में कांग्रेस और 5 वार्डों में भाजपा उम्मीदवार विजयी हुए। एक वार्ड में दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के कारण विजेता का फैसला टॉस के जरिए किया जाएगा।
निगम उपचुनाव में कांग्रेस को बढ़त
बस्तर जिले के जगदलपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-1 इंदिरा वार्ड में हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने जीत दर्ज की। यह सीट पूर्व पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद रिक्त हुई थी।
वहीं बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) में कांग्रेस उम्मीदवार शेख आजम ने भाजपा प्रत्याशी वी. मधुसूदन राव को हराकर पार्षद पद पर कब्जा जमाया।
जशपुर में भाजपा ने दोनों वार्ड जीते
जशपुर नगर पालिका के उपचुनाव में भाजपा ने दोनों सीटों पर जीत हासिल की। वार्ड क्रमांक-8 से प्रेमलता साहू और वार्ड क्रमांक-14 से प्रिया सिंह विजयी घोषित की गईं।
चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि नगरीय निकायों में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा, जबकि नवगठित नगर पंचायतों के नतीजों ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दी है।

