मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, कहा- समर्पण और अनुशासन से हर लक्ष्य संभव

Raipur. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य एवं जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके करियर, भविष्य की योजनाओं और रुचियों के बारे में जानकारी ली। छात्रों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने की इच्छा व्यक्त की। इस पर मुख्यमंत्री ने उनके आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *