ED ने कॉनकास्ट स्टील एंड पावर मामले में 31.30 करोड़ की 20 संपत्तियां जब्त, 63 नए आरोपी शामिल

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कोलकाता जोनल कार्यालय ने कॉनकास्ट स्टील एंड पावर लिमिटेड और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 31.30 करोड़ रुपये की बाजार कीमत वाली 20 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त किया है। जब्त संपत्तियों में पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में स्थित आवासीय मकान, व्यावसायिक इकाइयां, फ्लैट और जमीन के भूखंड शामिल हैं।

ईडी के अनुसार, इन संपत्तियों का वास्तविक स्वामित्व और नियंत्रण संजय कुमार सुरेका के पास था। जांच में सामने आया कि अपराध से अर्जित धन को छिपाने के उद्देश्य से संपत्तियां उनके रिश्तेदारों, कर्मचारियों, सहयोगियों और शेल कंपनियों के नाम पर खरीदी गई थीं। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक लगभग 777.10 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त की जा चुकी हैं।

ईडी ने इस मामले में कोलकाता की विशेष अदालत में दूसरी सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट भी दायर की है, जिसमें 63 नए व्यक्तियों और संस्थाओं को आरोपी बनाया गया है। जांच की शुरुआत सीबीआई की एफआईआर के आधार पर हुई थी। आरोप है कि कॉनकास्ट स्टील एंड पावर लिमिटेड ने फर्जी वित्तीय दस्तावेजों और बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किए गए स्टॉक विवरण के जरिए बैंकों के समूह से ऋण हासिल किया और धन का दुरुपयोग किया, जिससे बैंकों को करीब 6,210.72 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *