छत्तीसगढ़ में मानसून के साथ खेती ने पकड़ी रफ्तार, 6.25 लाख हेक्टेयर में बोनी पूरी

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ खरीफ सीजन 2026 की खेती-किसानी ने रफ्तार पकड़ ली है। कृषि विभाग के अनुसार 2 जुलाई तक प्रदेश में 6.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो इस सीजन के 48.69 लाख हेक्टेयर लक्ष्य का लगभग 13 प्रतिशत है। धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की बुवाई लगातार बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को किसानों को उनकी मांग के अनुरूप खाद और प्रमाणित बीज की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वितरण व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई और सहकारी समितियों में पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।

कृषि विभाग के मुताबिक अब तक किसानों को 7.28 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 3.09 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, प्रदेश में 96.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि वार्षिक औसत वर्षा 1246.3 मिमी है।

इसके अलावा खरीफ 2026 के लिए किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 30 जून तक 5,525 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया गया है। राज्य सरकार ने इस वर्ष 8,800 करोड़ रुपये के कृषि ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *