PWD सचिव मुकेश बंसल ने पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा की, समयसीमा और गुणवत्ता पर दिया जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को प्रदेश में निर्माणाधीन पुलों, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। रायपुर स्थित सिरपुर भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण कर हर महीने प्रगति की समीक्षा करने को कहा।

सचिव ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में आरसीपीएलडब्ल्यूए (RCPLWA) के अंतर्गत निर्माणाधीन पुलों को दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने तथा सभी परियोजनाओं के लिए चरणबद्ध एसओपी तैयार करने को कहा।

बैठक में सुरक्षा मानकों, निर्माण गुणवत्ता और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सचिव ने चालू और पिछली वित्तीय वर्ष की नई परियोजनाओं के प्राक्कलन 31 जुलाई तक भेजने तथा सभी पुल परियोजनाओं का विवरण 10 जुलाई तक गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

इस दौरान रायपुर के निर्माणाधीन 1.2 किलोमीटर लंबे स्काई वॉक की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। स्काई वॉक में 9 एस्केलेटर और 4 लिफ्ट की सुविधा होगी तथा इसके संचालन और रखरखाव के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *