छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: CM साय

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों को सम्मानित करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

National Sports Day: छत्तीसगढ़ में 126 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान, 666 को 1.74 करोड़ से अधिक की पुरस्कार राशि

रायपुर, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा आयोजन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए।

समारोह में राज्य खेल अलंकरण प्राप्त खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के अलावा 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। इस तरह कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये से अधिक की पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेल मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उसकी सफलता से पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य ऐसी खेल व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े। सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए खुला सरकारी नौकरी का रास्ता

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने पर भी सरकार ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है, जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है। सरकार के इस कदम से खिलाड़ियों को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

बस्तर ओलंपिक में 3.91 लाख युवाओं ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं मंच देने की है।

इसी उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक पहले आयोजन में करीब 1.65 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3.91 लाख तक पहुंच गई।

इसके अलावा सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के जरिए भी प्रदेश के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को नई ऊंचाई देने के लिए पांच मिशन पर काम कर रही है। इनमें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन प्रमुख है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं है, बल्कि प्रतिभा की पहचान से लेकर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, बेहतर खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने के अवसरों की पूरी व्यवस्था तैयार करना है।

रायपुर और नवा रायपुर समेत कई जगहों पर विकसित हो रहा खेल इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना का नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं।

तीरंदाजी के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नवा रायपुर में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है।

वहीं पहाड़ी कोरवा समुदाय की प्राकृतिक तीरंदाजी प्रतिभा को निखारने के लिए पंडरापाट में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले- छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक विविधता विभिन्न खेलों के लिए अनुकूल है और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने कहा कि जरूरत इन प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने की है। उन्होंने बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया।

केंद्र की खेल पहलों से बना सकारात्मक माहौल: तोखन साहू

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, आधुनिक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने से देश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।

उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी विभिन्न खेलों में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

तीन वर्षों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिला राज्य खेल अलंकरण

समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।

इन पुरस्कारों में फेंसिंग, वेटलिफ्टिंग, नेटबॉल, सॉफ्टबॉल, पैरा स्विमिंग, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तीरंदाजी, हॉकी, शूटिंग, वुशू, टेबल टेनिस, जूडो, कुश्ती, फुटबॉल, कबड्डी, जिम्नास्टिक सहित कई खेलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

समारोह में राज्य के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *