बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर गाय को लेकर कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट वायरल होने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद और पथराव की घटना सामने आई है। घटना के बाद सिटी कोतवाली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है। इलाके में जुलूस, सभा और भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रही है तथा लोगों से अफवाह या भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने की अपील की गई है।
निजी विवाद से बढ़ा मामला
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि मामला शुरुआत में निजी विवाद से जुड़ा था, जो बाद में दो पक्षों के बीच बड़े विवाद में बदल गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा बल पूरे इलाके में गश्त कर रहे हैं।
कलेक्टर ने कहा कि हिंसा में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस थाने के बाहर हुआ पथराव
बिलासपुर एसएसपी रजनीश सिंह के अनुसार, रात में पथराव की घटना हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रभावित क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बताया गया है कि दो पक्षों के बीच विवाद के बाद लोग सिटी कोतवाली थाने पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में अन्य लोग भी कथित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिकायत करने थाने पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में थाने के बाहर भीड़ आमने-सामने आ गई और पथराव शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक भीड़ की ओर से पटाखे फेंके जाने की भी सूचना है। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना
पुलिस और प्रशासन के अनुसार, विवाद और पथराव की घटना में दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। पथराव में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
हालांकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
CCTV और ड्रोन से उपद्रवियों की पहचान
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज और ड्रोन कैमरों की मदद से घटनाक्रम की जांच की जा रही है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
बिलासपुर के अलावा पड़ोसी जिलों मुंगेली और जांजगीर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस की अपील
प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ या विवादित सामग्री साझा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि माहौल खराब करने वाली पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी जानकारी पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी पुष्टि करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।

