राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन की समीक्षा, मुख्य सचिव ने तकनीकी संस्थानों और उद्योगों को जोड़ने के दिए निर्देश

cs cg meeting

रायपुर, 2 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (NTTM) के प्रभावी क्रियान्वयन और तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, उद्योग तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को महानदी भवन, नवा रायपुर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव ने की।

बैठक में राज्य में तकनीकी वस्त्रों से जुड़े अनुसंधान, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास और तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

तकनीकी वस्त्रों पर होगा सम्मेलन और कॉन्क्लेव

मुख्य सचिव ने राज्य के तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योग प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर तकनीकी वस्त्र सम्मेलन एवं कॉन्क्लेव आयोजित करने के निर्देश दिए।

प्रस्तावित सम्मेलन में तकनीकी वस्त्रों के विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग, राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत उपलब्ध योजनाओं तथा उद्योगों की आवश्यकताओं पर जानकारी और संवाद किया जाएगा। इसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा संस्थानों और उद्योगों के बीच सीधा समन्वय स्थापित करना है, ताकि विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा सके।

प्रत्येक तकनीकी संस्थान के 10 विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण

बैठक में प्रारंभिक चरण में प्रत्येक तकनीकी संस्थान से 10-10 विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का निर्णय लिया गया।

इससे विद्यार्थियों को तकनीकी वस्त्रों के वास्तविक औद्योगिक उपयोग और उत्पादन प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव मिल सकेगा। वहीं उद्योगों को प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

चार जिलों में वस्त्र प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने की तैयारी

बैठक में हथकरघा और वस्त्र गतिविधियों वाले क्षेत्रों में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से वस्त्र प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

पहले चरण में कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों के संस्थानों को स्थानीय वस्त्र उद्योगों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे स्थानीय उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी कौशल उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कृषि से स्वास्थ्य तक तकनीकी वस्त्रों पर रिसर्च को बढ़ावा

राज्य के विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों को तकनीकी वस्त्रों से संबंधित अनुप्रयोग आधारित अनुसंधान, उत्पाद विकास, परीक्षण, नवाचार और प्रायोगिक परियोजनाएं विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *